*नारकोटिक्स टीआई बनकर 3.45 करोड़ की ठगी, महिला गिरफ्तार*रतलाम। खुद को मंदसौर की नारकोटिक्स टीआई बताकर प्रॉपर्टी ब्रोकर और कंस्ट्रक्शन कारोबारी से 3 करोड़ 45 लाख 75 हजार 900 रुपए की ठगी करने के आरोप में माणकचौक पुलिस ने सपना ठाकुर (टांक) को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी महिला ने उसका प्लॉट और मकान भी अपने नाम करवा लिया। पुलिस आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी। रतलाम के तेजानगर निवासी रुपेश चरपोट (48) ने पुलिस को बताया कि हुंडी दलाल विजय लोढ़ा उसके लाखों रुपए लेकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और मामला कोर्ट में चल रहा है। इसी दौरान 10 से 15 दिसंबर 2025 के बीच रुपेश के पास सपना ठाकुर के फोन आए। उसने खुद को मंदसौर में नारकोटिक्स विभाग की टीआई बताते हुए हुंडी के रुपए वापस दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद रुपेश से लाखों-करोड़ों रुपए लिए गए और संपत्ति भी अपने नाम कराने का आरोप है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
byAll State News 24
-
0