नीमच *रतनजोत के बीज खाने से 8 बच्चे बीमार, चार बच्चे पीआईसीयू में भर्ती*जिले के मनासा क्षेत्र के चंदा मोती दातोली गांव में सोमवार को रतनजोत (जेट्रोफा) के बीज खाने से 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चे घर के पास खेल रहे थे। उन्होंने रतनजोत के बीज बादाम समझकर खा लिए थे। इसके कुछ देर बाद बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त होने लगे परिजन सभी बच्चों को मनासा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद शाम करीब 6 बजे उन्हें नीमच जिला अस्पताल भेजा गया। बीमार बच्चों की उम्र 2 से 12 साल के बीच है।जिला अस्पताल में चार बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है। अधिक डिहाइड्रेशन के चलते उन्हें पीआईसीयू में भर्ती किया गया है। बाकी बच्चों की हालत सामान्य है और उनका इलाज जनरल वार्ड में चल रहा है। डॉ. योगेश धाकड़, शिशु रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय नीमच, ने बताया कि रतनजोत के बीज खाने से बच्चों में पॉइजनिंग की स्थिति बनी। इससे उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन जैसी समस्या हो सकती है। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और उनके वाइटल्स स्थिर हैं।रोशनी की मां सीताबाई और परिजन रमेश सुरावत ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे बच्चे खेत किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रतनजोत के बीज बादाम समझकर खा लिए। कुछ बच्चों ने 1-2 तो कुछ ने 4-5 बीज खाए थे। बीज खाने के कुछ देर बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी-दस्त शुरू हो गए। इसके बाद परिजन रतनजोत के बीज लेकर अस्पताल पहुंचे।डॉ. धाकड़ ने ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे विषैले पेड़-पौधों को बच्चों की पहुंच से दूर रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे पौधों को बच्चों की पहुंच से दूर रखा जाए या उन्हें उखाड़ दिया जाए।
byAll State News 24
-
0