*ऑनलाइन सट्टे पर क्राइम ब्रांच का छापा, 7 करोड़ के हिसाब संग नीमच का आकाश जिंदल सहित 3 गिरफ्तार, इंदौर से लेकर नीमच तक फैले नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस...*इंदौर। इंदौर क्राइम ब्रांच ने शहर में सक्रिय अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महालक्ष्मी नगर स्थित नारायण पैलेस पर दबिश देकर तीन सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में नीमच निवासी आकाश जिंदल भी शामिल है जो इस अवैध कारोबार में मुख्य भूमिका निभा रहा था। यह गिरोह नारायण पैलेस के एक ठिकाने से ऑनलाइन क्रिकेट मैचों और कैसीनो गेम्स पर बड़े पैमाने पर सट्टा संचालित कर रहा था।कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से हाईटेक उपकरण, लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, भारी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और नकद राशि जब्त की है। सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पुलिस को सट्टे के हिसाब-किताब के रजिस्टर हाथ लगे जिनमें करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध लेनदेन का ब्योरा दर्ज है। आरोपी विभिन्न सट्टा एप्स और ऑनलाइन पैनल के माध्यम से पैसों का लेन-देन कर रहे थे। इंदौर से लेकर नीमच तक फैले इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में क्राइम ब्रांच जुट गई है। पुलिस अब इस बात की गहन तफ्तीश कर रही है कि नीमच और इंदौर के बीच इस सिंडिकेट का मुख्य सरगना कौन है और इसमें किन-किन बड़े सटोरियों के तार जुड़े हुए हैं। पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।
byAll State News 24
-
0