समाचार एवं विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें - प्रदीप कुमार सगर - मो. 9424041113 (समस्त क्षेत्रों में संवाददाता नियुक्त करना हैं !)

*सागर में जहरीली शराब का कहर: 11 मौतों से मचा हड़कंप, 35 लोग अस्पताल पहुंचे; कई की हालत गंभीर**_नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव में जहरीली शराब ने मचाया मौत का तांडव, मरीजों के शरीर पड़े नीले; मिथाइल अल्कोहल की आशंका, यूपी के ललितपुर से कनेक्शन की जांच...._**सागर मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली और अवैध शराब ने ऐसा कहर बरपाया है कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बंडा थाना क्षेत्र के नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से अब तक 11 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि प्रशासन की ओर से फिलहाल 10 मौतों की पुष्टि की गई है। करीब 35 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और जिला अस्पताल सागर में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।**घटना की पहली सूचना शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे प्रशासन को मिली। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कलेक्टर प्रतिभा पाल, कमिश्नर, आईजी और एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी तत्काल प्रभावित गांवों में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा दोनों गांवों में व्यापक स्क्रीनिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। शराब का सेवन करने वाले लोगों की जांच कराई जा रही है और लक्षण पाए जाने पर उन्हें तत्काल बीएमसी भेजा जा रहा है।**पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल की आशंका**कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार अब तक हुए दो-तीन पोस्टमॉर्टम में प्रथम दृष्टया मिथाइल अल्कोहल के सेवन की बात सामने आई है। हालांकि मामले की वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच और रिपोर्ट आने के बाद होगी।**अस्पताल पहुंचे कई मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे गंभीर लक्षण सामने आए हैं। संदिग्ध मरीजों के लिए बीएमसी में अलग से बेड आरक्षित किए गए हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार मरीजों की निगरानी में जुटी हैं।**यूपी के ललितपुर से शराब सप्लाई का कनेक्शन!**सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि प्राथमिक जांच में संदिग्ध शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।**वहीं ललितपुर में भी शराब सप्लाई करने वाले नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब कहां तैयार हुई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।**6 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश**घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर उनके सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं।**प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।**सीएम मोहन यादव ने कहा—दोषियों को नहीं बख्शेंगे**मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कड़ा रुख अपनाया है। दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की घटनाओं को सरकार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी**फिलहाल पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में डेरा डाले हुए हैं। पोस्टमॉर्टम, मेडिकल जांच और शराब के सैंपलों की रिपोर्ट के बाद ही जहरीली शराब की पूरी कड़ी और मौतों की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। लेकिन 11 मौतों और दर्जनों लोगों के बीमार पड़ने की इस घटना ने अवैध शराब के कारोबार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post