*शामगढ़ की 7.50 लाख की ठगी से 11 करोड़ से ज्यादा के नेटवर्क तक पहुंची पुलिस, म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाला सातवां आरोपी वृंदावन से गिरफ्तार*मंदसौर। शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस की लगातार तकनीकी पड़ताल ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क की कड़ियां उजागर कर दी हैं। शामगढ़ क्षेत्र की महिला से मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई करीब 7.50 लाख रुपए की ठगी की जांच अब 11 करोड़ रुपए से अधिक की कथित साइबर ठगी और 100 से ज्यादा मामलों तक पहुंच गई है। पुलिस ने मामले में सातवें आरोपी भोपाल निवासी शिवांश को वृंदावन से गिरफ्तार किया है।*कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने पकड़ी साइबर नेटवर्क की सातवीं कड़ी*शामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबर, सिम कार्ड, एटीएम और डिजिटल ट्रांजेक्शन की बारीकी से पड़ताल शुरू की। करीब डेढ़ महीने तक चली जांच के दौरान पुलिस राजस्थान और बिहार तक पहुंची और पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद भी जांच को आगे बढ़ाते हुए टीम सातवीं कड़ी तक पहुंची।म्यूल अकाउंट की कड़ी तक पहुंची कपिल सौराष्ट्रीय की टीमपुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की रकम सीधे आरोपियों के खातों में नहीं जाती थी। इसके लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों और मोबाइल सिम का इस्तेमाल किया जाता था। जांच में 150 से अधिक म्यूल बैंक अकाउंट और सिम के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। इसी नेटवर्क की पड़ताल करते हुए पुलिस भोपाल निवासी शिवांश तक पहुंची।*वृंदावन से सातवें आरोपी को पकड़ा*कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भोपाल निवासी शिवांश को वृंदावन से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में उसकी भूमिका साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने कितने खाते उपलब्ध कराए और इन खातों के जरिए कितनी संदिग्ध रकम का लेन-देन हुआ।*12 हजार में खाता, 17 हजार में आगे देने का खेल*जांच में सामने आया कि साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों की भी एक सप्लाई चेन तैयार हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 12 हजार रुपए में बैंक खाता लेकर उसे लगभग 17 हजार रुपए में आगे उपलब्ध कराने का खेल चल रहा था। कपिल सौराष्ट्रीय की टीम अब इस पूरी कड़ी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।*7.50 लाख की शिकायत से खुला 11 करोड़ का राज*मामले की शुरुआत शामगढ़ की एक महिला से हुई 7.50 लाख रुपए की ठगी की शिकायत से हुई थी। मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर संपर्क के बाद आरोपी ने खुद को एनआरआई बताया और शादी का झांसा देकर महिला का विश्वास जीता। बाद में विदेश से गिफ्ट भेजने और उसके कस्टम में फंसने की कहानी बताकर कस्टम ड्यूटी व अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम जमा करवाई गई।=शिकायत के बाद पुलिस ने केवल आरोपियों की पहचान पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि ठगी की रकम किन-किन खातों में गई और वहां से कहां पहुंची, इसकी पड़ताल शुरू की। बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक-एक कड़ी जोड़ते हुए पुलिस टीम राजस्थान के जयपुर और बिहार के अरवल क्षेत्र तक पहुंची।*150 से ज्यादा खाते और सिम ने खोला नेटवर्क का आकार*जांच में 150 से अधिक म्यूल बैंक अकाउंट और मोबाइल सिम के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार अलग-अलग राज्यों से बैंक खाते और सिम की व्यवस्था की जाती थी। खाते फ्रीज होने के बाद नए खातों और सिम के जरिए नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने का प्रयास किया जाता था।*22 मोबाइल, 30 सिम और 5 एटीएम बरामद*पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 22 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 30 मोबाइल सिम और पांच एटीएम कार्ड बरामद किए थे। विभिन्न बैंक खातों में जमा 8 लाख रुपए से अधिक की राशि भी फ्रीज कराई गई है।*100 से ज्यादा वारदात, 11 करोड़ से अधिक की ठगी*पुलिस की प्रारंभिक जांच में गिरोह से जुड़े 100 से अधिक साइबर फ्रॉड मामलों और 11 करोड़ रुपए से ज्यादा की कथित ठगी की जानकारी सामने आई है। शामगढ़ की महिला से हुई ठगी इस बड़े नेटवर्क की एक कड़ी के रूप में सामने आई है। अब पुलिस इन मामलों को आपस में जोड़कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।*जयपुर से बिहार और अब वृंदावन तक पहुंची जांच*इस मामले में मंदसौर पुलिस की टीम ने राजस्थान के जयपुर में कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि गिरोह के कथित मुख्य आरोपी को बिहार के अरवल क्षेत्र से पकड़ा गया था। अब भोपाल निवासी शिवांश को वृंदावन से गिरफ्तार किया गया है। लगातार अलग-अलग राज्यों तक पहुंच रही कार्रवाई इस मामले में जांच के विस्तार को दर्शाती है।*अब बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराने वालों पर नजर*सातवें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच का फोकस उन लोगों पर है, जो साइबर ठगों को बैंक खाते, सिम, एटीएम और रकम के लेन-देन का माध्यम उपलब्ध करा रहे थे। कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम अब इस सपोर्ट नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
byAll State News 24
-
0