*चल्दू में आदतन अपराधी नाहरसिंह का आतंक, किराना व्यापारी पर सरेआम तानी पिस्टल, एफआईआर दर्ज, अब पुलिस सिखाएगी गुंडागर्दी का असली सबक!*नीमच। चल्दू गांव में एक बार फिर एक कुख्यात और जिला बदर रह चुके बदमाश ने गांव की शांति भंग करने की जुर्रत की है। अपराधों को अपना पेशा बना चुके नाहरसिंह राजपूत ने रविवार सुबह जिस तरह एक शरीफ किराना व्यापारी की दुकान में घुसकर गदर मचाया और बाद में कायरों की तरह पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी दी, उसने इस गुंडे की ओछी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है। लेकिन इस बार इस बदमाश का पाला मुस्तैद जीरन पुलिस से पड़ा है, जिसने फरियादी की शिकायत पर त्वरित एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और अब इस हिस्ट्रीशीटर को पाताल से भी खोज निकालने की तैयारी शुरू कर दी है।*दुकान में घुसकर की कायराना तोड़फोड़ और मारपीट*प्राप्त जानकारी और एफआईआर के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। गांव का एक शांतिप्रिय व्यापारी अपनी पोरवाल किराना दुकान पर बैठा था। तभी गांव में अपनी झूठी दहशत फैलाने का शौक पालने वाला आदतन अपराधी नाहरसिंह राजपूत वहां आ धमका। आते ही उसने अकारण और बेतुका विवाद शुरू कर दिया कि उसके बेटे जितेंद्र को दुकान पर क्यों आने दिया जाता है। व्यापारी ने जब इस बात का शालीनता से जवाब देना चाहा, तो दबंगई के नशे में चूर इस बदमाश ने सीधे दुकान के अंदर घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसने अपनी गुंडागर्दी दिखाते हुए दुकान का सारा सामान उठाकर बाहर फेंक दिया और विरोध करने पर व्यापारी को भद्दी गालियां देते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।*फिल्मी स्टाइल में कार से आया और लहराई अवैध पिस्टल*आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उस वक्त तो इस सिरफिरे बदमाश को वहां से खदेड़ दिया, लेकिन अपनी बेइज्जती से बौखलाया नाहरसिंह कुछ ही देर बाद एक कार में सवार होकर वापस लौटा। इस बार उसने अपनी कायरता की सारी हदें पार कर दीं। कार से उतरते ही उसने सरेआम अपनी पैंट से एक अवैध पिस्टल निकाली और सीधे निहत्थे किराना व्यापारी के सीने की तरफ तान दी। उसने सरेआम गरजते हुए धमकी दी कि अगर आइंदा उसके लड़कों को दुकान पर आने से रोका, तो वह उसे जान से खत्म कर देगा। ग्रामीणों की भीड़ को दोबारा अपनी तरफ आता देख यह डरपोक बदमाश हवा में धमकियां देता हुआ वहां से दुम दबाकर भाग निकला।*काले कारनामों का सरगना है जिला बदर नाहरसिंह*नाहरसिंह राजपूत कोई साधारण व्यक्ति नहीं है, बल्कि क्षेत्र का एक ऐसा नामचीन बदमाश और उठाईगीरा है जिसकी क्राइम कुंडली काफी लंबी है। वह पूर्व में अपने इन्ही काले कारनामों की वजह से जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई का स्वाद चख चुका है। सूत्रों का कहना है कि यह शातिर बदमाश बाछड़ा समाज के कुछ लोगों को मोहरा बनाकर क्षेत्र में कई दुकानें और अवैध होटल संचालित करवाता है। इसी अघोषित व्यापार और झूठे रसूख के दम पर वह भोले-भाले ग्रामीणों को डराने-धमकाने का काम करता है। कानून को अपनी जागीर समझने वाले ऐसे आदतन अपराधियों का समाज से बाहर रहना ही उचित है।*जीरन पुलिस के रडार पर बदमाश*घटना की भनक लगते ही जीरन पुलिस ने पूरी सक्रियता दिखाते हुए फरियादी की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस फरार गुंडे की सरगर्मी से तलाश कर रही है। नीमच पुलिस का अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' का शानदार रिकॉर्ड रहा है। जिस तरह से इसने अवैध पिस्टल का प्रदर्शन किया है, पुलिस अब आर्म्स एक्ट के तहत इसके अवैध हथियार सप्लाइ की चैन की तलाश में जुट चुकी है। चल्दू के ग्रामीणों को जीरन पुलिस की कार्यप्रणाली पर पूरा भरोसा है कि जल्द ही इस आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर इसका जुलूस निकाला जाएगा और इसे इसकी सही जगह यानी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
byAll State News 24
-
0